मिशन कर्मयोगी पर लखनऊ में कार्यशाला, CM योगी ने किया उद्घाटन

लखनऊ के लोकभवन में 23 और 24 अक्टूबर को साधना श्रृंखला-2026 की तीसरी क्षेत्रीय परामर्श कार्यशाला का आयोजन हो रहा है, जिसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया। यह कार्यशाला क्षमता विकास आयोग और उत्तर प्रदेश सरकार के सहयोग से आयोजित की जा रही है। मिशन कर्मयोगी के तहत सरकारी प्रशिक्षण संस्थानों को आधुनिक, दक्षता-आधारित और तकनीक-सक्षम बनाने पर इसमें मंथन हो रहा है। कार्यशाला में उत्तर क्षेत्र के आठ राज्यों — बिहार, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, झारखंड, पंजाब, राजस्थान, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश — के साथ चार केंद्रशासित प्रदेशों चंडीगढ़, दिल्ली, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। केंद्रीय राज्य मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह भी इसमें शामिल हुए। डिजिटल प्रशिक्षण और प्रशासनिक कार्यों में कृत्रिम बुद्धिमत्ता के उपयोग पर विशेष ज़ोर दिया जा रहा है। अधिकारियों ने बताया कि उत्तर प्रदेश में मिशन कर्मयोगी के तहत 19.26 लाख से अधिक कर्मचारी आईजीओटी पोर्टल से जुड़े हैं और अब तक 3.86 करोड़ प्रशिक्षण पूरे किए जा चुके हैं।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
