नीरज बवाना गिरोह का युवक गिरफ्तार, आठ पिस्तौल बरामद

उत्तरी दिल्ली जिला पुलिस ने नवीन बाली-नीरज बवाना गिरोह से कथित तौर पर जुड़े एक युवक को गिरफ्तार कर गैंगवार की आशंका के बीच बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस के अनुसार आरोपी अलीपुर में गोगी गिरोह के एक सदस्य को निशाना बनाने की योजना बना रहा था। उसके पास से तीन सेमी-ऑटोमैटिक पिस्तौल, पांच देसी पिस्तौल और 30 कारतूस बरामद किए गए हैं। इसके अलावा चोरी की एक सुजुकी एक्सेस स्कूटी भी बरामद हुई है, जो आदर्श नगर थाने में दर्ज चोरी के मामले से जुड़ी है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के खिलाफ बवाना, कंझावला और एनआईए थानों में आर्म्स एक्ट, डकैती और अपहरण से जुड़े तीन पूर्व आपराधिक मामले दर्ज हैं। इस संबंध में कश्मीरी गेट थाने में 23 अक्टूबर को आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों के स्रोत का पता लगाने में जुटी है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (Public domain)
