जयपुर में हेलमेट ठगी के दो आरोपी गिरफ्तार, माल बरामद

जयपुर में ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म के जरिए हेलमेट ठगी करने के मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी ब्लूटूथ लगे महंगे हेलमेट के ऑर्डर पर ग्राहकों को सस्ते हेलमेट भेज देते थे और महंगे हेलमेट अपने पास रख लेते थे। बाद में वे इन महंगे हेलमेट को सस्ते दाम पर बेचने के लिए ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म पर विज्ञापन देते थे, जिससे वे पुलिस की नजर में आ गए। ज्योति नगर थाना पुलिस ने उनके कब्जे से 200 से ज्यादा महंगे हेलमेट बरामद किए हैं, जिनकी कीमत करीब दस लाख रुपये है। जयपुर (दक्षिण) डीसीपी राजर्षि राज वर्मा ने बताया कि आरोपियों की पहचान सुरेंद्र कुमार नागर और सुशील कुमार बुरडिया के रूप में हुई है। हेडफॉक्स इनोवेशन कंपनी के शुभम चौहान की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया था। कंपनी के अनुसार इस साल जनवरी से गलत उत्पाद मिलने की शिकायतें आ रही थीं। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि इस खेल में कोई और भी शामिल था या नहीं।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
