बीकानेर में पंचमुखा हनुमान मंदिर का चार दिवसीय महोत्सव

बीकानेर। रानी बाजार इंडस्ट्रियल एरिया स्थित प्राचीन श्री पंचमुखा हनुमान मंदिर में मंदिर के नव-निर्माण की पूर्णता और शरद पूर्णिमा के पावन पर्व पर चार दिवसीय भव्य महोत्सव का आयोजन 23 अक्टूबर से 26 अक्टूबर तक किया जा रहा है। पंचमुखा सेवा संस्थान के तत्वावधान में आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में अखंड रामचरितमानस पाठ, विशाल शोभायात्रा, भव्य जागरण और संत-महात्माओं के प्रवचन जैसे अनेक कार्यक्रम होंगे।
कार्यक्रमों की रूपरेखा के अनुसार 23 अक्टूबर को प्रातः 11 बजे अखंड रामचरितमानस पाठ के शुभारंभ से महोत्सव की शुरुआत हुई, जो 24 अक्टूबर की शाम तक चलेगा। 24 अक्टूबर की शाम 7 बजे पाठ की पूर्णाहुति होगी। 25 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे शहर में भव्य शोभायात्रा और नगर भ्रमण होगा, जबकि रात्रि 9 बजे श्री हनुमान जी का अलौकिक जागरण होगा।
जागरण में पंचमुखा दरबार के प्रख्यात कलाकार भजन प्रस्तुत करेंगे और रात्रि ठीक 12 बजे श्रद्धालुओं को 101 किलोग्राम साबूदाना खीर का विशेष प्रसाद वितरित किया जाएगा। 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा महोत्सव के मुख्य आयोजन के साथ मंदिर शिखर पर कलश स्थापना, विशाल महाप्रसाद और 33 कोटि देवी-देवताओं की सामूहिक महाआरती संपन्न होगी।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
