सहारनपुर में अंबेडकर प्रतिमा क्षतिग्रस्त, गांव में आक्रोश

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में शरारती तत्वों ने डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा क्षतिग्रस्त कर दी। घटना गंगोह थाना क्षेत्र के ग्राम लखनौती की है, जहां अंबेडकर पार्क में लगी प्रतिमा को तोड़कर एक तरफ गिरा दिया गया। टूटी हुई प्रतिमा देखकर गांव में हड़कंप मच गया और ग्रामीणों में भारी नाराजगी है।
ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। ग्रामीणों का कहना है कि लखनौती में अंबेडकर पार्क के लिए जगह आवंटित है, जहां बाबा साहब की प्रतिमा स्थापित की गई थी। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि पार्क में जल्द नई प्रतिमा स्थापित कराई जाए और सुरक्षा के लिए चारदीवारी भी बनाई जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटना दोबारा न हो।
एसपी देहात मयंक पाठक ने बताया कि डायल एक सौ बारह के माध्यम से सूचना मिली थी। वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मामले का तत्काल संज्ञान लेते हुए मुकदमा दर्ज कर लिया है।
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए तीन पुलिस टीमों का गठन किया गया है। फिलहाल गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात है और पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
