ठगी गिरोह की 3.72 करोड़ की संपत्ति ED ने जब्त की

ब्रिटेन के बुजुर्गों को इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने का झांसा देकर करीब सात करोड़ रुपये की ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय साइबर गिरोह पर प्रवर्तन निदेशालय ने शिकंजा कसा है। ईडी ने शुक्रवार को आरोपियों की तीन करोड़ बहत्तर लाख रुपये की संपत्ति जब्त की। इसमें कोलकाता स्थित एक भूखंड, एक फ्लैट, बैंक खातों में जमा रकम और बीमा पॉलिसियां शामिल हैं।
मामले की जांच ईडी का प्रयागराज उप क्षेत्रीय कार्यालय कर रहा है। ईडी के मुताबिक गोरखपुर साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में दर्ज एफआईआर और चार्जशीट के आधार पर मनी लॉन्ड्रिंग की जांच शुरू की गई। मामले में अनिक दत्ता, आकाश गुप्ता और आदित्य मिश्रा समेत अन्य आरोपी हैं।
आरोप है कि गिरोह ने गोरखपुर और रांची में ग्लोबर्ड कंसल्टेंसी प्राइवेट लिमिटेड और जुबिलेट इंफो प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से फर्जी कॉल सेंटर चलाए। आरोपी खुद को ब्रिटिश दूरसंचार कंपनी बीटी ओपनरीच का प्रतिनिधि बताकर ब्रिटेन के बुजुर्गों से संपर्क करते थे। इंटरनेट की स्पीड बढ़ाने के नाम पर उनसे रिमोट एक्सेस एप डाउनलोड कराए जाते थे।
इसके जरिए आरोपियों को पीड़ितों के उपकरणों और बैंकिंग विवरण तक पहुंच मिल जाती थी। ठगी की रकम हवाला समेत विभिन्न माध्यमों से विदेश भेजी जाती थी। ईडी मामले में आगे की जांच कर रही है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC0)
