संगीत नाटक अकादमी सम्मान से छत्तीसगढ़ के दो कलाकार गौरवान्वित

छत्तीसगढ़ की कला और संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर बड़ी उपलब्धि मिली है। प्रदेश के दो प्रतिभाशाली कलाकारों को संगीत नाटक अकादमी के प्रतिष्ठित उस्ताद बिस्मिल्लाह खान युवा पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली के रवीन्द्र भवन स्थित मेघदूत थिएटर परिसर में 19 अक्टूबर को आयोजित समारोह में केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने दोनों कलाकारों को सम्मानित किया।
जशपुर के डॉ. आनन्द पाण्डेय को उत्कृष्ट अभिनय के लिए यह सम्मान मिला है। उन्होंने सुदूर आदिवासी अंचल जशपुर में रंगमंच की परंपरा को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। वहीं सारंगढ़ के घनश्याम साहू को विशिष्ट नाट्य लेखन और छत्तीसगढ़ी फिल्मों में प्रभावशाली पटकथा लेखन के लिए पुरस्कृत किया गया है।
दोनों कलाकारों की इस उपलब्धि ने छत्तीसगढ़ की रचनात्मक प्रतिभा और सांस्कृतिक समृद्धि को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है। यह साबित करता है कि वनांचलों और छोटे कस्बों से निकलकर भी समर्पण और निरंतर साधना के बल पर राष्ट्रीय पहचान बनाई जा सकती है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
