अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस पर दुर्ग में पंडवानी महासम्मेलन आज

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस के अवसर पर आज पंडवानी महासम्मेलन का भव्य आयोजन हो रहा है। अहिवारा स्थित बानबरद कॉलेज ग्राउंड में आयोजित इस महासम्मेलन के मुख्य अतिथि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय हैं। कार्यक्रम में प्रदेश के पचास से अधिक पंडवानी कलाकारों का सम्मान किया जाएगा।
पद्मश्री डॉ. उषा बारले की अगुवाई में हो रहे इस आयोजन में प्रदेशभर से पंडवानी कलाकारों के साथ पंथी टीम और लोकसंगीत से जुड़े कलाकार भी शामिल हो रहे हैं। कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू समेत प्रदेश के मंत्री, सांसद और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहेंगे।
डॉ. उषा बारले ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय कलाकार दिवस के अवसर पर लगातार दूसरे वर्ष अहिवारा में यह आयोजन किया जा रहा है। उनका कहना है कि पंडवानी छत्तीसगढ़ की पहचान और लोक संस्कृति की महत्वपूर्ण विरासत है, जिसे नई पीढ़ी तक पहुंचाने और कलाकारों को सम्मान देने के उद्देश्य से इस वर्ष पहले से अधिक भव्य स्तर पर महासम्मेलन आयोजित किया गया है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
