नवरात्र में वैष्णो देवी पहुंचे चार लाख श्रद्धालु

जम्मू। शारदीय नवरात्र के पावन अवसर पर माता वैष्णो देवी के दरबार में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा। श्री माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड के अनुसार नवरात्र के दौरान चार लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने त्रिकुटा पहाड़ियों पर स्थित पवित्र भवन में माथा टेका। प्रतिदिन औसतन चालीस हजार से ज्यादा भक्तों ने माता के दर्शन किए, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के करीब एक लाख अठहत्तर हजार श्रद्धालुओं से दोगुने से भी अधिक है।
नवरात्र के समापन पर महानवमी के दिन नौ दिवसीय शतचंडी महायज्ञ पूर्णाहुति के साथ संपन्न हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विश्व शांति, समृद्धि और सभी के कल्याण के लिए आहुतियां दी गईं। श्राइन बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सचिन कुमार वैश्य वरिष्ठ अधिकारियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ समापन अनुष्ठान में शामिल हुए। पद्मश्री प्रोफेसर विश्वमूर्ति शास्त्री के नेतृत्व में विद्वान पंडितों के समूह ने महायज्ञ संपन्न कराया।
श्राइन बोर्ड ने यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक प्रबंध किए थे। यात्रा मार्ग पर प्रमुख स्थानों पर सहायता केंद्र स्थापित किए गए, जबकि भवन और मार्ग पर पानी-बिजली की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की गई। कटरा से भवन तक पूरा मार्ग मां के जयकारों से गूंजता रहा।
तस्वीर: Wikimedia Commons ()
