देहरादून में महिला जज से अभद्रता, कैब चालक पर केस

देहरादून। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। डालनवाला कोतवाली क्षेत्र में एक महिला न्यायिक अधिकारी के साथ ऑनलाइन कैब कंपनी के चालक ने अभद्रता और धमकी दी। महिला अधिकारी की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। तहरीर के मुताबिक, 21 अक्टूबर की शाम करीब 6:11 बजे उन्होंने अपने आवास से मालदेवता जाने के लिए ऑनलाइन कैब से बाइक बुक की थी।
आरोप है कि यात्रा शुरू होने के बाद चालक ने उनसे ओटीपी मांगा और करीब नौ किलोमीटर की दूरी के लिए निर्धारित किराये से दोगुने पैसे की मांग की। इनकार करने पर चालक उन्हें निर्धारित रास्ते से हटकर सुनसान और अंधेरे इलाके की ओर ले गया। महिला अधिकारी ने अपने रीडर को फोन कर स्थिति बताई। शिकायत में कहा गया है कि चालक ने उन्हें धमकाया, अभद्र व्यवहार किया और पुलिस में जान-पहचान होने की बात कही। बाद में चालक उन्हें जजेज कॉलोनी के गेट के बाहर ले आया, जहां उसने हंगामा भी किया। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
तस्वीर: Wikimedia Commons ()
