जयपुर लिव-इन पार्टनर हत्या: आरोपी भरतपुर से धर दबोचा

जयपुर। राजधानी में लिव-इन पार्टनर की हत्या के आरोपी युवक को पुलिस ने आखिरकार गिरफ्तार कर लिया है। जयपुर (दक्षिण) के डीसीपी राजर्षी राज वर्मा ने बताया कि आरोपी युवराज सिंह उर्फ दीपक को भरतपुर से पकड़ा गया है। जयपुर लाकर पूछताछ के बाद उसे शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी ने पत्रकार कॉलोनी के रामपुरा स्थित आमोर रेजिडेंसी के फ्लैट में अपनी लिव-इन पार्टनर का कत्ल किया था और मोबाइल बंद कर फरार हो गया था।
19 अक्टूबर को फ्लैट नंबर 901 में महिला का शव मिला था, जिसकी पहचान भरतपुर के नंगला परशुराम निवासी मोना जाटव के रूप में हुई। मोना की शादी 2015 में हुई थी और उसके दो बच्चे हैं, लेकिन पति से अनबन के चलते वह अलग रह रही थी। इसी दौरान वह युवराज के संपर्क में आई और उसके साथ लिव-इन में रहने लगी। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को शक था कि मोना किसी और से बात करती है, इसी शक में उसने हत्या कर दी। मोना के भाई पारुल सिंह की रिपोर्ट पर हत्या का मुकदमा दर्ज हुआ था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी।
तस्वीर: Wikimedia Commons ()
