प्रेम प्रसंग के शक में युवक की बेरहम हत्या, दो गिरफ्तार

अहमदनगर। महाराष्ट्र के अहमदनगर जिले में पुराने प्रेम संबंध के शक में एक युवक की बेरहमी से हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतक की पहचान कमलपुर (श्रीरामपुर तालुका) निवासी 32 वर्षीय गणेश मच्छिंद्र गायकवाड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने इस मामले में महेश राजेंद्र जाधव और उसके साथी योगेश राजेंद्र जाधव को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि महेश की पत्नी शुभांगी और गणेश के बीच शादी से पहले प्रेम संबंध थे।
बताया गया कि गणेश शुभांगी से मिलने शिंगवे नाईक पहुंचा था, तभी दोनों आरोपियों ने उसे रंगे हाथ पकड़ लिया और इतनी बेरहमी से मारपीट की कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सबूत मिटाने के लिए शव को राहुरी कृषि विश्वविद्यालय के पास मुला बांध के बैकवॉटर की नहर में फेंक दिया गया। मृतक के भाई प्रदीप की शिकायत पर एमआईडीसी थाने में हत्या और साक्ष्य छिपाने का मामला दर्ज हुआ। पुलिस ने महेश को राहाता के जळगांव से और योगेश को मुला बांध क्षेत्र से दबोचा। पूछताछ के बाद राहुरी के कुक्कडवेढा इलाके से शव बरामद किया गया। दोनों आरोपियों को 24 अक्टूबर तक पुलिस हिरासत में भेजा गया है।
तस्वीर: Wikimedia Commons ()
