ESIC ने अंतिम संस्कार सहायता बढ़ाकर 20 हजार रुपये की

निजी क्षेत्र में काम करने वाले कर्मचारियों के परिवारों के लिए राहत की खबर है। कर्मचारी राज्य बीमा निगम ने नौकरी के दौरान कर्मचारी की मृत्यु होने पर अंतिम संस्कार के लिए मिलने वाली आर्थिक सहायता 15,000 रुपये से बढ़ाकर 20,000 रुपये कर दी है। यह फैसला 8 मई 2026 से प्रभावी माना जाएगा।
ऑल इंडिया एनपीएस एम्प्लॉइज फेडरेशन ने इस फैसले का स्वागत किया है। संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. मंजीत पटेल ने कहा कि बढ़ी हुई राशि से शोक संतप्त परिवारों को वास्तविक मदद मिलेगी। उन्होंने कर्मचारियों तक इस जानकारी को पहुंचाने की अपील की ताकि जरूरत के समय प्रभावित परिवार इस सहायता का लाभ उठा सकें।
गौरतलब है कि ईएसआईसी योजना के दायरे में कारखानों के अलावा दुकानें, होटल, रेस्टोरेंट, सिनेमाघर, सड़क परिवहन उपक्रम, निजी शैक्षणिक और चिकित्सा संस्थान तथा निर्माण स्थलों पर काम करने वाले कर्मचारी भी आते हैं। मासिक वेतन 21,000 रुपये या उससे कम वाले कर्मचारी इस योजना के अनिवार्य दायरे में आते हैं।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY 3.0)
