लगातार चौथे दिन टूटा बाज़ार, 7.42 लाख करोड़ स्वाहा

मुंबई। भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को लगातार चौथे कारोबारी सत्र में बिकवाली का दबाव रहा। कारोबार की शुरुआत हरे निशान में हुई, लेकिन यह टिक न सकी। अंत में बीएसई सेंसेक्स 125.56 अंक यानी 0.17 फीसदी गिरकर 73,123.83 पर बंद हुआ, जबकि एनएसई निफ्टी 87.65 अंक यानी 0.39 फीसदी टूटकर 22,600 के स्तर पर आ गया। दिन के कारोबार में सेंसेक्स ने 73,766.51 का उच्च स्तर और 72,452.37 का निचला स्तर देखा। इस गिरावट से बीएसई पर सूचीबद्ध कंपनियों का बाजार पूंजीकरण 7.42 लाख करोड़ रुपये घट गया। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों पर ज्यादा दबाव रहा; स्मॉलकैप इंडेक्स करीब 2.9 फीसदी लुढ़क गया। सभी सेक्टोरल इंडेक्स लाल निशान में बंद हुए। पश्चिम एशिया के तनाव से कच्चे तेल के दाम बढ़कर 114 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गए हैं। विदेशी निवेशकों ने गुरुवार को 3,458.70 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। वहीं घरेलू संस्थागत निवेशकों ने 2,891.32 करोड़ रुपये के शेयर खरीदकर बाजार को कुछ सहारा दिया। निवेशकों को अब आगामी आर्थिक आंकड़ों का इंतजार है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY 2.0)
