हरिद्वार में अपराध गोष्ठी, नशा तस्करों पर सख्ती के निर्देश

हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह की अध्यक्षता में शनिवार को सितंबर माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में जिले के सभी राजपत्रित अधिकारी, थाना प्रभारी और विभिन्न शाखाओं के प्रभारी शामिल हुए। गोष्ठी में बीते माह के अपराधों की शीर्षकवार समीक्षा की गई और अपराधों के खुलासे, बरामदगी तथा रिकवरी की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में एसएसपी ने थाना प्रभारियों को नशा तस्करी, वाहन चोरी, हुड़दंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अधिक सक्रियता से कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुछ थाना प्रभारियों के प्रदर्शन में सुधार की जरूरत पर भी जोर दिया। साथ ही ऑपरेशन प्रहार के तहत की जा रही कार्रवाई की सराहना करते हुए उसे जारी रखने को कहा गया।
नशा तस्करी को समाज के लिए गंभीर चुनौती बताते हुए एसएसपी ने पेशेवर तस्करों की चल और अचल संपत्तियों की जब्ती की प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। संबंधित विभागों से समयबद्ध पत्राचार करने और सर्किल प्रभारियों को नियमित निगरानी के निर्देश भी दिए गए। त्योहारी सीजन में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन पर भी बैठक में मंथन किया गया।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File:A_lady_Police_Officer.jpg (CC BY-SA 3.0)
