रामनगर दहेज हत्याकांड: नवविवाहिता की मौत, चार गिरफ्तार

रामनगर। उत्तराखंड के रामनगर में दहेज की मांग ने एक नवविवाहिता की जान ले ली। खताड़ी क्षेत्र में 22 वर्षीय कोहिनूर की मौत के मामले में पुलिस ने उसके पति, सास, जेठ और ननद को गिरफ्तार कर लिया है। मायके पक्ष का आरोप है कि पांच लाख रुपये नकद और बुलेट मोटरसाइकिल की मांग पूरी नहीं होने पर कोहिनूर को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। मुरादाबाद के ठाकुरद्वारा क्षेत्र के बुढनपुर गांव निवासी नसीम अहमद की बेटी कोहिनूर का निकाह इसी साल 16 मई को रामनगर के गैस गोदाम रोड निवासी उवेश से हुआ था।
परिजनों के मुताबिक, शादी में सामर्थ्य अनुसार दहेज देने के बावजूद ससुराल पक्ष संतुष्ट नहीं था। 16 अक्टूबर को विवाद के दौरान कोहिनूर की मौत हो गई। पुलिस जांच में सामने आया कि घटना के दिन कहासुनी के बाद उसके मुंह में कपड़ा ठूंसकर दम घोंट दिया गया और फिर गले में दुपट्टा बांधकर पंखे से लटकाने का प्रयास किया गया, ताकि इसे आत्महत्या दिखाया जा सके। 18 अक्टूबर को दर्ज शिकायत के आधार पर पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। एसएसपी ने पुलिस टीम को 2,500 रुपये इनाम देने की घोषणा की है।
तस्वीर: Wikimedia Commons ()
