बिहार MLC मतदान में कड़ी सुरक्षा, 993 बूथों पर वोटिंग

पटना। बिहार विधान परिषद की आठ सीटों पर शुक्रवार को हो रहे मतदान के लिए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कुल 993 बूथ केंद्रों पर मतदान हो रहा है। बूथ केंद्रों से लेकर निर्वाचन क्षेत्रों में जगह-जगह सुरक्षा बलों के साथ स्थानीय पुलिस की टीमें तैनात की गई हैं। पटना रेंज के आईजी जितेंद्र राणा ने सभी मतदाताओं से निर्भीक होकर वोट करने की अपील की है।
पटना में चुनाव को लेकर 42 उड़न दस्तों और 17 मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। प्रशासन ने चुनाव के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने और मतदान प्रक्रिया को प्रभावित करने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संवेदनशील बूथों पर अतिरिक्त बल लगाया गया है और सीसीटीवी से निगरानी की जा रही है।
इस बीच मतदान से पहले पटना में राजद उम्मीदवार डॉ. संजीव कुमार के आवास पर देर रात पुलिस पहुंचने की घटना ने राजनीतिक माहौल गर्म कर दिया। पुलिस का कहना है कि चुनाव प्रभावित करने की सूचना पर टीम पहुंची थी, जबकि उम्मीदवार ने कार्रवाई पर आपत्ति जताई है। विपक्षी नेताओं ने प्रशासन की निष्पक्षता पर सवाल उठाए हैं।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File%3ASECURITY_DURING_GNC_BANDH.jpg (CC BY-SA 3.0)
