तिब्बत में 7.0 तीव्रता का भूकंप, 16 की मौत 54 घायल

चीन के तिब्बत क्षेत्र में गुरुवार शाम 7.0 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया, जिसमें कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई और 54 अन्य घायल हो गए। उत्तरी तिब्बत के नागकू शहर में सैकड़ों मकान ढह गए। भूकंप का केंद्र कम आबादी वाले ऊंचाई के इलाके में जमीन से 10 से 18 किलोमीटर की गहराई में था।
स्थानीय अधिकारियों के मुताबिक नागकू में कम से कम 339 मकान और पशुओं के 20 बाड़े ढह गए हैं। बचाव और राहत कार्य के लिए 1600 से अधिक लोगों को तैनात किया गया है। राहत सामग्री में 1000 प्रीफैब्रिकेटेड आवास, करीब 3000 टेंट, फोल्डिंग बेड, टॉर्च और सर्दियों के कपड़े शामिल हैं।
भूकंप के बाद कम से कम सात झटके और आए, जिनकी तीव्रता 4.3 से 5.2 के बीच रही। शुक्रवार सुबह 5 बजकर 54 मिनट पर 4.4 तीव्रता का एक और झटका महसूस किया गया। चट्टानें खिसकने से नेशनल हाईवे 317 का एक हिस्सा बंद करना पड़ा है और कुछ इलाकों में संचार व्यवस्था भी ठप हो गई है।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File%3A2020_Aegean_Sea_earthquake_building_debris.jpg (Public domain)
