अयोध्या दीपोत्सव की तैयारी ज़ोरों पर, 30 लाख दीये जलेंगे

अयोध्या में इस बार का दीपोत्सव बेहद भव्य होने जा रहा है। दसवें दीपोत्सव के लिए सरयू तट के 56 घाटों पर 30 लाख दीये जलाने की तैयारी हो रही है। उत्तर प्रदेश सरकार ने बताया कि घाटों की सफाई के बाद दीयों की चिह्नांकन प्रक्रिया शुरू हो गई है।
शुक्रवार सुबह साढ़े सात बजे घाट नंबर 10 पर वेद मंत्रों के बीच भूमि पूजन होगा, जिसके बाद तैयारियां विधिवत शुरू हो जाएंगी। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के कुलपति और वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहेंगे। डॉक्टर राममनोहर लोहिया अवध विश्वविद्यालय ने टूट-फूट का हिसाब रखते हुए 33 लाख दीयों की खरीद की है।
तैयारियों में करीब 35 हज़ार स्वयंसेवक जुटे हैं, जिनमें 30 डिग्री कॉलेजों, 40 इंटरमीडिएट कॉलेजों और विश्वविद्यालय परिसर के छात्र शामिल हैं। इन्हें घाटवार जिम्मेदारी दी जा रही है और प्रशिक्षण भी चल रहा है। सभी स्वयंसेवकों का ऑनलाइन पंजीकरण हो रहा है तथा पहचान पत्रों पर क्यूआर कोड लगाए जा रहे हैं। इस बार राम की पैड़ी, चौधरी चरण सिंह घाट और भजन संध्या स्थल सहित कुल 56 घाट दीयों से जगमग होंगे।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Ayodhya_Diwali_2021_01.jpg (CC BY-SA 4.0)
