बाल आयोग ने 7,000 से अधिक फाइलों का निस्तारण किया

नई दिल्ली। राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग (एनसीपीसीआर) ने वर्ष 2025-26 के दौरान 7,000 से अधिक फाइलों का निस्तारण किया है। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने 13 अक्टूबर को आयोग के कार्यालय का दौरा किया, जहां उन्हें बताया गया कि इस दौरान 5.3 लाख से अधिक पृष्ठों को स्कैन किया गया। वर्ष 2026-27 के लिए आयोग ने 8 लाख से अधिक पृष्ठों को स्कैन करने और 10,000 से अधिक फाइलों के निस्तारण का लक्ष्य रखा है।
मंत्री ने कहा कि सभी भौतिक फाइलों का डिजिटलीकरण किया जाना चाहिए और केवल उन्हीं फाइलों को हार्ड कॉपी के रूप में सुरक्षित रखा जाना चाहिए, जिन्हें संरक्षित करना आवश्यक है। उन्होंने अनुपयोगी अभिलेखों को हटाने की प्रक्रिया में तेजी लाने पर जोर दिया, जिससे कार्यालय अधिक व्यवस्थित होगा और अतिरिक्त स्थान भी उपलब्ध होगा। उन्होंने 31 दिसंबर तक सभी लंबित फाइलों के समयबद्ध निस्तारण पर भी जोर दिया।
मंत्री ने बाल यौन शोषण एवं दुर्व्यवहार संबंधी सामग्री का सक्रिय रूप से पता लगाने के लिए एआई-आधारित उपकरण के विकास में तेजी लाने को कहा है। उन्होंने शिकायतों को संवेदनशीलता, जिम्मेदारी और तत्परता के साथ निपटाने का निर्देश दिया। आयोग के कर्मचारियों से बातचीत के दौरान मंत्री ने कार्यालय के रखरखाव और स्वच्छता की स्थिति पर संतोष व्यक्त किया।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File:Anganwadi_Day_starts_with_prayer.jpg (CC BY-SA 4.0)
