सीवान में पटाखा विस्फोट से मकान ढहा, पांच की मौत

बिहार के सीवान जिले में शुक्रवार को एक भीषण विस्फोट में पांच लोगों की मौत हो गई। जामो थाना क्षेत्र के आलमपुर गांव में पटाखों में आग लगने से एक मकान में जोरदार धमाका हुआ। विस्फोट इतना तेज था कि मकान के अगले हिस्से का मलबा सड़क पर जा गिरा।
पुलिस अधीक्षक भारत सोनी ने पांच मौतों की पुष्टि की है। मृतकों में एक ही परिवार के तीन लोग शामिल हैं, जिनमें पति-पत्नी और उनकी बेटी बताई जा रही है। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मकान में पटाखों का भंडारण किया गया था, जिसमें किसी तरह आग लग गई। आग ने देखते ही देखते भयानक रूप ले लिया और विस्फोट हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रशासन ने मृतकों के परिजनों को सहायता का आश्वासन दिया है। इस घटना ने रिहायशी इलाकों में पटाखों के अवैध भंडारण पर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस आसपास के इलाकों में भी ऐसे भंडारण की जांच कर रही है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (GODL-India)
