प्रयागराज में ढेड़ियां महोत्सव, मां कल्याणी का सोने से श्रृंगार

प्रयागराज। शक्तिपीठ मां कल्याणी देवी के दो दिवसीय ढेड़ियां महोत्सव एवं वार्षिक महाश्रृंगार का आयोजन 24 और 25 अक्टूबर को होगा। ढेड़िया के पुनीत पर्व पर मां कल्याणी देवी का श्रृंगार संपूर्ण सोने के आभूषणों तथा बेला और गुलाब के पुष्पों से किया जाएगा। मान्यता है कि मां अपने हाथों में सोने की ढेड़िया धारण कर भक्तों की सारी विपत्ति दूर करती हैं।
पूरे मंदिर की सज्जा फूलों, फलों और अनेक श्रृंगार सामग्रियों से आकर्षक ढंग से की जाएगी। मां कल्याणी के श्रृंगार के दर्शन दोनों दिन शाम 6 बजे से रात 12 बजे तक भक्तों को प्राप्त होंगे। मां की महाआरती शाम 7 बजे उतारी जाएगी। महाभिषेक और षोडशोपचार पूजन विद्वान पंडितों द्वारा संपन्न होगा।
इस अवसर पर विद्वान ब्राह्मणों द्वारा नवचंडी दुर्गा सप्तशती का पाठ भी किया जाएगा। मंदिर प्रशासन के अनुसार ढेड़िया का यह श्रृंगार विगत 150 वर्षों से मां कल्याणी के मंदिर में किया जाता आ रहा है। यह श्रृंगार प्रयागराज के विशिष्ट धार्मिक उत्सवों में अपना खास स्थान रखता है, जिसके दर्शन के लिए दूर-दराज से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (GFDL 1.2)
