छत्रपति संभाजीनगर में दिनदहाड़े युवक की बेरहम हत्या

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर से एक खौफनाक वारदात सामने आई है। शहर के व्यस्त सिडको इलाके में गुरुवार को दिनदहाड़े एक कार चालक ने स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। इसके बाद हमलावर ने सड़क पर गिरे व्यक्ति के सिर और चेहरे पर हॉकी स्टिक और लोहे की रॉड से हमला कर उसकी जान ले ली।
मृतक की पहचान देवेश उर्फ बंटी दीक्षित के तौर पर हुई है। वह घटना के समय जिम से अपने घर की ओर लौट रहे थे। तभी एन-सात बजरंग चौक के पास आरोपी पवन पाराशर ने अपनी कार से देवेश के स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद जमीन पर गिरे देवेश पर आरोपी ने हथियारों से जानलेवा वार कर दिए।
हमले में देवेश की मौके पर ही मौत हो गई। सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद आरोपी पवन पाराशर खुद सिडको पुलिस थाने पहुंच गया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और घटना में इस्तेमाल की गई कार और लोहे की रॉड को अपने कब्जे में ले लिया है।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि मृतक और आरोपी के बीच कुछ समय से किसी बात को लेकर विवाद चल रहा था। मामले में पुरानी रंजिश और कारोबारी विवाद को हत्या की मुख्य वजह माना जा रहा है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
