करवा चौथ को लेकर बाजारों में बढ़ी रौनक

उदयपुर। पति की लंबी उम्र और सुखी दांपत्य जीवन की कामना का पर्व करवा चौथ इस बार 29 अक्टूबर को मनाया जाएगा। पर्व नजदीक आते ही बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है। सुहागिन महिलाएं मेहंदी, चूड़ियां, आभूषण, शृंगार सामग्री और पारंपरिक परिधानों की खरीदारी में जुटी हैं। साड़ियों और सूटों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बढ़ गई है।
करवा चौथ की पूजा में उपयोग होने वाले मिट्टी के करवों को सजाने का काम कुम्हारवाड़ा क्षेत्र में तेज हो गया है। कारीगर करवों पर चूने से पारंपरिक चित्रकारी और आकर्षक डिजाइन बना रहे हैं। बाजार में सजे-धजे मिट्टी के करवे तीस से चालीस रुपये तक में उपलब्ध हैं, जिनकी मांग हर साल पर्व से पहले बढ़ जाती है।
पर्व के अवसर पर विभिन्न सामाजिक संगठनों की ओर से सामूहिक आयोजन भी किए जाएंगे, जिनमें महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर कथा सुनेंगी। करवा चौथ पर सुहागिन महिलाएं सूर्योदय से पहले सरगी ग्रहण कर निर्जला व्रत रखती हैं और रात में चंद्रमा को अर्घ्य देकर व्रत खोलती हैं।
तस्वीर: Wikimedia Commons ()
