दिव्यांग अधिकार अभियान को अंतरराष्ट्रीय पहचान, दो शोधपत्र प्रकाशित

दिव्यांगजनों के अधिकारों के लिए काम कर रहे डॉ. अरविंदर सिंह और उनकी संस्था पैनेशिया के अभियान को अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली है। कनाडा की रॉयल रोड्स यूनिवर्सिटी ने दिव्यांग अधिकारों, सुगम्यता और संस्थागत जवाबदेही पर उनके योगदान की शैक्षणिक सराहना की है। विश्वविद्यालय ने उनके कार्य को शोध की गुणवत्ता और गहराई बढ़ाने वाला बताया है।
डॉ. अरविंदर सिंह के दो शोधपत्र प्रकाशित हुए हैं, जिनमें दिव्यांगजनों के लिए आरक्षित पार्किंग, स्पर्शनीय मार्ग, ब्रेल संकेतक, सुगम शौचालय और सुविधाओं की वास्तविक उपयोगिता जैसे पहलुओं को शामिल किया गया है। शोध में पंजाब नेशनल बैंक, बैंक ऑफ इंडिया, केनरा बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा से प्राप्त आधिकारिक सूचनाओं का विश्लेषण किया गया है।
पैनेशिया की टीम बैंकिंग, रेलवे, परिवहन, पुलिस, शिक्षा और सार्वजनिक सेवाओं में आरटीआई, शिकायतों और संस्थागत संवाद के माध्यम से लगातार काम कर रही है। संस्था का कहना है कि उनका उद्देश्य केवल कमियां उजागर करना नहीं, बल्कि दस्तावेजी तथ्यों के आधार पर स्थायी सुधार की दिशा तैयार करना है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
