कादीपुर में 15 नवंबर से छठ पूजा, कृत्रिम घाट बनेगा

गुरुग्राम के कादीपुर सामुदायिक केंद्र में इस वर्ष भी छठ महापर्व धूमधाम से मनाया जाएगा। जन सेवा एवं सांस्कृतिक चेतना मंच की ओर से 15 और 16 नवंबर को छठ पूजा का आयोजन होगा। संस्था के पदाधिकारियों ने गुरुवार को तैयारियां शुरू कर दी हैं।
आयोजन से पहले परिसर की साफ-सफाई कराई जाएगी और उसके बाद कृत्रिम छठ घाट तैयार किया जाएगा। इस कार्य में सहयोग के लिए गुरुग्राम नगर निगम से भी अनुरोध किया जाएगा। आयोजन में हर वर्ष करीब दस हजार श्रद्धालु पहुंचते हैं। संध्या और प्रातःकालीन अर्घ्य के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
छठ लोक आस्था का महापर्व है, जिसे बिहार, झारखंड और पूर्वी उत्तर प्रदेश के लोग देश के हर कोने में मनाते हैं। गुरुग्राम में बड़ी संख्या में प्रवासी पूर्वांचली रहते हैं, जिनके लिए कादीपुर का यह आयोजन आस्था का केंद्र बन चुका है। आयोजकों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा के सभी इंतजाम किए जाएंगे।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
