मालदा में बीजेपी कार्यकर्ता समीर घोष की गोली मारकर हत्या

पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में बुधवार रात बदमाशों ने बीजेपी कार्यकर्ता समीर घोष की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना इंग्लिश बाजार पुलिस स्टेशन के रामकेली इलाके की है। जानकारी के मुताबिक हत्यारों के एक समूह ने पहले समीर घोष की बेरहमी से पिटाई की और फिर मौत पक्की करने के लिए पास से गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की खबर मिलते ही बुधवार रात जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। शव को कब्जे में लेकर मालदा मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। घटना के बाद इलाके में भारी तनाव है और आरोपी फिलहाल फरार बताए जा रहे हैं।
मृतक के परिवार ने तृणमूल कांग्रेस से जुड़े स्थानीय बदमाशों पर हत्या का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि समीर घोष के बीजेपी से जुड़े होने के कारण उन्हें निशाना बनाया गया। हालांकि स्थानीय तृणमूल नेतृत्व ने आरोपों से इनकार किया है। इस घटना को लेकर सियासी बवाल भी शुरू हो गया है।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File%3AHowrah_Bridge%2C_Foggy.jpg (CC BY-SA 3.0)
