बीकानेर में जनस्वास्थ्य सम्मेलन शुरू, तीन सौ प्रतिनिधि जुटे

बीकानेर में बीमारियों की रोकथाम, मृत्यु दर में कमी और आमजन तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने के उद्देश्य से दो दिवसीय राज्य स्तरीय सम्मेलन शुरू हो रहा है। सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की ओर से इंडियन एसोसिएशन ऑफ प्रिवेंटिव एंड सोशल मेडिसिन की राजस्थान शाखा के तत्वावधान में 15वां वार्षिक सम्मेलन ‘राज आईएपीएसएम कॉन-26’ आयोजित किया जा रहा है। दो दिवसीय सम्मेलन का उद्घाटन शनिवार सुबह 11 बजे मेडिकल कॉलेज सभागार में होगा। इस वर्ष सम्मेलन की थीम ‘सीमाओं के पार जनस्वास्थ्य का एकीकरण’ रखी गई है। इसमें 300 से अधिक प्रतिनिधियों की भागीदारी प्रस्तावित है। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि आईएपीएसएम राजस्थान शाखा के अध्यक्ष एवं आईसीएमआर-एनआईएचआर जोधपुर के निदेशक प्रो. डॉ. पंकज भारद्वाज होंगे। सम्मेलन में कम्युनिटी मेडिसिन विशेषज्ञों, खाद्य निरीक्षकों, आयुष संकाय सदस्यों, नीति निर्माताओं और जनप्रतिनिधियों को एक मंच पर लाकर जनस्वास्थ्य की चुनौतियों के साझा समाधान तलाशे जाएंगे। दो दिनों तक चलने वाले इस संवाद में व्यावहारिक उपयोगिता पर भी चर्चा होगी, ताकि शोध के नतीजे सीधे स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच सकें।
तस्वीर: Wikimedia Commons (Public domain)
