बिहार एमएलसी चुनाव संपन्न, स्ट्रांग रूम सील, गिनती 27 को

बिहार विधान परिषद की आठ सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान संपन्न हो गया। चार स्नातक और चार शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की इन सीटों के लिए कुल 150 प्रत्याशी मैदान में थे। शाम चार बजे तक जारी आंकड़ों के मुताबिक शिक्षक सीटों पर 74.55 प्रतिशत और स्नातक सीटों पर 43.87 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।
मतदान संपन्न होने के बाद पटना के बांकीपुर गवर्नमेंट गर्ल्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल स्थित वज्रगृह में देर रात तक नवादा, नालंदा और पटना के मतदान केंद्रों से बैलेट बॉक्स जमा कराए गए। जिलाधिकारी कुंदन कुमार और एसएसपी कार्तिकेय शर्मा की निगरानी में वीडियोग्राफी के बीच सभी मतपेटियों को सील कर दिया गया।
स्ट्रांग रूम के बाहर त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा बनाया गया है और पैरामिलिट्री फोर्स का कड़ा पहरा है। सीसीटीवी से चौबीस घंटे निगरानी रखी जा रही है। मतों की गिनती 27 अक्टूबर को होगी।
मतदान के दौरान मोकामा में दो प्रत्याशियों के समर्थकों के बीच झड़प की खबर भी आई, जिसमें तीन लोगों को हिरासत में लिया गया। कुल मिलाकर मतदान शांतिपूर्ण रहा और अब सबकी नजर मतगणना पर टिकी है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
