बागपत में पत्नी ने प्रेमी से कराई पति की हत्या

बागपत। उत्तर प्रदेश के बागपत जिले के बड़ौत कोतवाली क्षेत्र के कोताना गांव में पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची। हैरान करने वाली बात यह है कि हत्या के दौरान पत्नी घर बैठे व्हाट्सऐप के जरिए प्रेमी से पल-पल की अपडेट लेती रही। प्रेमी से पति की मौत की पुष्टि होते ही उसने उसका नंबर तुरंत ब्लॉक कर दिया। पुलिस ने आरोपी पत्नी उर्मिला और उसके प्रेमी सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार यह घटना 18 अक्टूबर की है। गांव निवासी करीब पचास वर्षीय प्रमोद उर्फ मोगली शाम को रामलीला देखने जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। तलाश के दौरान उनका शव गांव के ही एक खेत में ट्यूबवेल के पास संदिग्ध हालात में मिला। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। शुरुआती जांच में ही मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत हुआ।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी सिकंदर प्रमोद की ही एक दुकान किराए पर लेकर बाइक रिपेयरिंग का काम करता था। इसी दौरान उसका प्रमोद के घर आना-जाना हुआ और उर्मिला से उसकी नजदीकियां बढ़ गईं। दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए और वे चोरी-छिपे मिलने लगे। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File%3AForensic_Scene_Investigator_photographing_evidence.jpg (CC BY-SA 2.0)
