देवरिया हवालात मौत: निलंबित इंस्पेक्टर 19 दिन बाद बहाल

देवरिया। खुखुंदू थाने की हवालात में गांजा बरामदगी के आरोपी की मौत के बाद निलंबित हुए तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक को महज 19 दिन बाद फिर से महत्वपूर्ण जिम्मेदारी मिल गई है। राहुल सिंह को अब सलेमपुर कोतवाली का अपराध निरीक्षक बनाया गया है। यह तैनाती ऐसे समय में हुई है, जब हवालात में मौत के मामले में राज्य मानवाधिकार आयोग ने जिलाधिकारी से जांच रिपोर्ट मांगी है।
मामले के अनुसार अमरोहा जिले के फरीदपुर निवासी 38 वर्षीय बृजपाल उर्फ विक्की को 2 अक्टूबर को गिरफ्तार किया गया था। पुलिस के मुताबिक उनकी डीसीएम में चावल की भूसी के बीच करीब 1.40 क्विंटल गांजा बरामद हुआ था। 3 अक्टूबर की सुबह बृजपाल हवालात में फंदे से लटके मिले। पुलिस ने आत्महत्या का दावा किया था, जबकि परिजनों ने शुरू में पिटाई से मौत का आरोप लगाया था।
घटना के बाद तत्कालीन प्रभारी निरीक्षक राहुल सिंह समेत तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर विभागीय जांच के आदेश दिए गए थे। शिकायत पर राज्य मानवाधिकार आयोग ने मामले का संज्ञान लेकर डीएम को नोटिस जारी किया है और 4 दिसंबर तक विस्तृत जांच रिपोर्ट मांगी है। मामले में अगली सुनवाई 7 दिसंबर को निर्धारित है। इतनी जल्दी बड़ी जिम्मेदारी सौंपे जाने पर पुलिस महकमे में भी चर्चा है।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY-SA 4.0)
