चेन्नई और मदुरै में मूसलाधार बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त

चेन्नई। उत्तर-पूर्वी मानसून के सक्रिय होने से तमिलनाडु में भारी बारिश का दौर जारी है। गुरुवार रात से ही चेन्नई, मदुरै, पुडुचेरी और कराईकल में मूसलाधार बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। मदुरै में लगातार बारिश से शहर के कई इलाकों में भीषण जलभराव हो गया है और कई घरों में पानी घुस गया है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात व्यवस्था चरमरा गई है। मदुरै महानगरपालिका के आयुक्त ने जनप्रतिनिधियों के साथ जलभराव वाले इलाकों का दौरा कर हालात का जायजा लिया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने चेतावनी दी है कि बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव के क्षेत्र के असर से 23 से 26 अक्टूबर तक तमिलनाडु, केरल, पुडुचेरी और लक्षद्वीप में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है। तटीय इलाकों में तेज हवाएं चलने की भी आशंका है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। चेन्नई में स्कूलों में छुट्टी को लेकर भी प्रशासन विचार कर रहा है और राहत टीमें तैनात कर दी गई हैं।
तस्वीर: Wikimedia Commons (CC BY 2.0)
