चार राज्यों की 28 विधान परिषद सीटों पर मतदान जारी

नई दिल्ली। चार राज्यों की कुल 28 विधान परिषद सीटों के लिए शुक्रवार को मतदान हो रहा है। उत्तर प्रदेश की 11, बिहार की 8, कर्नाटक की 4 और महाराष्ट्र की 5 सीटों पर स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता अपने प्रतिनिधि चुनेंगे। मतदान सुबह आठ बजे शुरू हुआ और शाम चार बजे तक चलेगा। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी।
उत्तर प्रदेश में स्नातक खंड की लखनऊ, वाराणसी, आगरा, मेरठ और इलाहाबाद-झांसी सीटों तथा शिक्षक खंड की लखनऊ, आगरा, वाराणसी, मेरठ, बरेली-मुरादाबाद और गोरखपुर-फैजाबाद सीटों पर चुनाव हो रहा है। जिन सदस्यों का कार्यकाल समाप्त होने से चुनाव हो रहे हैं, उनमें भाजपा, समाजवादी पार्टी और निर्दलीय सदस्य शामिल हैं।
बिहार में पटना, दरभंगा, तिरहुत और कोसी स्नातक सीटों तथा पटना, दरभंगा, तिरहुत और सारण शिक्षक सीटों पर मतदान हो रहा है। कर्नाटक और महाराष्ट्र में भी स्नातक और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं। चुनाव आयोग ने शांतिपूर्ण मतदान के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं।
तस्वीर: https://commons.wikimedia.org/wiki/File%3AThe_voters_registering_their_names_at_a_polling_booth_at_Dolamandap_Sahi%2C_Puri%2C_Orissa%2C_during_the_2nd_Phase_of_General_Election-2009_on_April_23%2C_2009.jpg (GODL-India)
